☰
Search
Mic
हि
Android Play StoreIOS App Store
Setting
Clock

राम नवमी - भगवान राम का जन्मोत्सव

DeepakDeepak

राम नवमी

राम नवमी

राम नवमी को भगवान श्री राम के जन्मोत्सव के रूप में मनाया जाता है। राम भक्तों के लिये यह एक बहुत महत्वपूर्ण दिन होता है और इस अवसर पर भक्त एक दिन का उपवास रखते हैं एवं विभिन्न अनुष्ठानों के साथ प्रभु श्री राम की पूजा करते हैं। भगवान श्री राम को भगवान विष्णु का सातवाँ अवतार माना जाता है।

Rama Navami Puja
राम नवमी उत्सव के दौरान भगवान राम को अनुष्ठानिक स्नान कराते हुये

कुछ स्थानों पर, मुख्यतः उत्तर भारत में, यह दिन चैत्र नवरात्रि के अन्तिम दिन के साथ मेल खाता है। बहुत से लोग राम नवमी पर हवन का आयोजन करते हैं और इसी दिन चैत्र नवरात्रि के नौ दिनों के उत्सव का समापन करते हैं। इसीलिये चैत्र माह के दौरान नवरात्रि पूजा को राम नवरात्रि के रूप में भी जाना जाता है।

राम नवमी का प्रारम्भ एवम् महत्व

राम नवमी भगवान श्री राम के युग के बाद से मनायी जा रही है। हिन्दु सदियों से राम नवमी मना रहे हैं और विगत रहे कि भगवान श्री राम के जन्मोत्सव के सटीक वर्षों की गणना करने के लिये कोई ऐतिहासिक विवरण नहीं रखा गया है। हालाँकि, वैदिक समय गणना के अनुसार, भगवान श्री राम का जन्म लगभग दस लाख वर्ष पहले त्रेता युग में हुआ था।

राम नवमी के देवी-देवता

भगवान श्री राम इस त्यौहार के मुख्य देवता हैं जिनकी राम नवमी के शुभ अवसर पर पूजा की जाती है।

राम नवमी के शुभ दिन पर भगवान श्री राम के साथ उनकी माता अर्थात माता कौशल्या, भगवान श्री राम के पिता अर्थात राजा दशरथ, भगवान श्री राम की पत्नी अर्थात देवी सीता, भगवान श्री राम के तीन अनुज अर्थात भरत, लक्ष्मण और शत्रुघ्न और प्रभु श्री राम के महान भक्त श्री हनुमान की भी पूजा की जाती है।

राम नवमी दिनाँक और समय

अमान्त के साथ-साथ पूर्णिमान्त हिन्दु कैलेण्डर के अनुसार -
चैत्र (पहला माह) की शुक्ल पक्ष नवमी (नौवाँ दिन)

राम नवमी पर अनुष्ठान

  • एक दिन का उपवास
  • भगवान श्री राम की पूजा
  • महाकाव्य रामायण या नाम रामायणम् का पाठ और श्रवण करना
  • भगवान श्री राम और देवी सीता का औपचारिक विवाह करना
  • राम नवमी शोभायात्रा का आयोजन
  • अगले दिन उपवास के पारण से पहले हवन का आयोजन करना

राम नवमी की क्षेत्रीय विविधतायें

राम नवमी एक बहुत ही महत्वपूर्ण दिन है और इसे सम्पूर्ण भारत में मनाया जाता है।

  • राम नवमी उत्तर प्रदेश में
    भगवान श्री राम का जन्मोत्सव मनाने के लिये अयोध्या सबसे महत्वपूर्ण स्थान है। श्री राम नवमी पर पवित्र सरयू नदी में स्नान करना अत्यन्त शुभ माना जाता है। अयोध्या में प्रसिद्ध कनक भवन मन्दिर के दर्शन करने से पहले हजारों भक्त सरयू नदी में श्रद्धापूर्वक डुबकी लगाते हैं। भगवान श्री राम का जन्मस्थान होने के कारण राम नवमी के अवसर पर अयोध्या उसी प्रकार महत्वपूर्ण है जैसे श्री कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर मथुरा महत्वपूर्ण है।
  • राम नवमी आन्ध्र प्रदेश में
    तिरुमाला में राम नवमी को बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया जाता है। तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम (टीटीडी) का प्रशासन राम नवमी के महत्वपूर्ण दिन श्री राम नवमी अस्थानम का धार्मिक आयोजन किया जाता है।
  • राम नवमी तेलंगाना में
    तेलंगाना में भद्राचलम मन्दिर भगवान श्री राम और देवी सीता को समर्पित है। श्री राम नवमी के शुभ दिवस पर भगवान श्री राम और देवी सीता के विवाह की वर्षगाँठ को प्रति वर्ष बहुत धूमधाम से मनाया जाता है।
    इस आयोजन को श्री राम नवमी कल्याणम उत्सव के नाम से जाना जाता है।
  • राम नवमी तमिलनाडु में
    दक्षिण भारत में, विशेष रूप से तमिलनाडु में, भगवान श्री राम के भक्त कल्याणोत्सवम का आयोजन करते हैं। कल्याणोत्सवम के दौरान, भगवान श्री राम और देवी सीता का प्रतीकात्मक विवाह समारोह आयोजित किया जाता है तथा देवताओं की एक समारोहपूर्ण शोभायात्रा निकाली जाती है।

    दक्षिण भारतीय मन्दिरों में राम नवमी के शुभ दिन पर पनकम नामक एक विशेष व्यञ्जन तैयार किया जाता है। अदरक, गुड़, काली मिर्च और इलायची से बना मीठा तरल व्यञ्जन बनाया जाता है जिसे पनकम कहते हैं। पनकम को प्राकृतिक शरीर शीतलक के रूप में जाना जाता है और उत्तर भारतीय मन्दिरों में गंगाजल की भांति भक्तों की अंजली में परोसा जाता है।
  • राम नवमी इस्कॉन में
    राम नवमी का दिन इस्कॉन मन्दिरों और उसके अनुयायियों के लिये भी बहुत महत्वपूर्ण है। अधिकांश इस्कॉन मन्दिर इस दिन विशेष कार्यक्रम आयोजित करके श्री राम नवमी मनाते हैं। भगवान श्री राम और देवी सीता की शोभायात्रा, भगवान श्री राम का अभिषेक और हवन इत्यादि कुछ ऐसे अनुष्ठान हैं जो अधिकांश इस्कॉन मन्दिरों में सम्पन्न किये जाते हैं।
    भगवान श्री राम, भगवान विष्णु के अवतार होने के कारण, इस्कॉन के अनुयायियों के लिये भगवान कृष्ण के समान महत्वपूर्ण हैं।

राम नवमी पर सार्वजनिक जीवन

श्री राम नवमी भारत में एक वैकल्पिक राजपत्रित अवकाश है। हालाँकि, उत्तर भारत के सरकारी कार्यालयों, स्कूलों और महाविद्यालयों में राम नवमी के अवसर पर एक दिन का अवकाश हो सकता है।

Kalash
कॉपीराइट नोटिस
PanditJi Logo
सभी छवियाँ और डेटा - कॉपीराइट
Ⓒ www.drikpanchang.com
प्राइवेसी पॉलिसी
द्रिक पञ्चाङ्ग और पण्डितजी लोगो drikpanchang.com के पञ्जीकृत ट्रेडमार्क हैं।
Android Play StoreIOS App Store
Drikpanchang Donation